प्रयागराज में हाईवे लूट-चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और तीन वाहन बरामद

सरायइनायत पुलिस की कार्रवाई; 17,870 रुपये, चोरी का मोबाइल और अपाचे-स्प्लेंडर बाइक के साथ टोयोटा ग्लैंजा कार बरामद

प्रयागराज में हाईवे लूट-चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और तीन वाहन बरामद

प्रयागराज, 29 अक्टूबर । गंगानगर जोन के सरायइनायत थाना पुलिस ने हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में लूट व चोरी की घटनाओं में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर एक अवैध देसी पिस्टल, चोरी का मोबाइल फोन, 17,870 रुपये, दो मोटरसाइकिल और एक कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खड़े वाहनों के शीशे तोड़कर मोबाइल, नकदी और कीमती सामान चुराते थे। चोरी और लूट का सामान राहगीरों को बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लेते थे।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने गुरुवार को बताया कि 28 अक्टूबर को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान सूचना मिली कि 26 अक्टूबर को हाईवे पर हुई लूट की घटना से जुड़े चार आरोपित गोतावां स्थित रिंग रोड की पुलिया के नीचे दो मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं। वे किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सूचना पर सरायइनायत पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवम पासी उर्फ गुंडे, मयंक , राजेश और सनी वर्मा के रूप में हुई है। सभी प्रयागराज के निवासी हैं। पुलिस ने शिवम के कब्जे से .32 बोर की देसी पिस्टल बरामद की। इसके अलावा ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन और 17,870 रुपये मिले। पुलिस के मुताबिक, बरामद रुपये विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और लूट का सामान बेचने के बाद बचे हुए थे।

पुलिस ने घटनाओं में इस्तेमाल की गई अपाचे और स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों के साथ सफेद रंग की टोयोटा ग्लैंजा कार भी बरामद की है। जांच में मऊआइमा, हंडिया, होलागढ़ और सरायइनायत समेत अन्य क्षेत्रों में हुई घटनाओं से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

कई मुकदमों में दर्ज हैं नाम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सरायइनायत थाने में दर्ज दो मुकदमों की जांच के आधार पर संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। शिवम पासी के खिलाफ चोरी, लूट, मादक पदार्थ और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश चौबे, विक्रांत कुमार तिवारी और अनूप कुमार वर्मा सहित सरायइनायत थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।