ड्रमंडगंज के जंगलों से निकल मध्यप्रदेश पहुंचे हाथियों का जोड़ा, वन विभाग ने ली राहत की सांस; फसल और मड़हों को पहुंचाया था नुकसान

मीरजापुर के ड्रमंडगंज वनरेंज में करीब एक सप्ताह तक डेरा डालने के बाद हाथी और हथिनी का जोड़ा मऊगंज के पटेहरी गांव पहुंच गया। ग्रामीणों ने हाथियों के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर साझा किए।

ड्रमंडगंज के जंगलों से निकल मध्यप्रदेश पहुंचे हाथियों का जोड़ा, वन विभाग ने ली राहत की सांस; फसल और मड़हों को पहुंचाया था नुकसान

मीरजापुर, 11 सितंबर । बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से भटककर ड्रमंडगंज वनरेंज के जंगलों में पहुंचे हाथी और हथिनी का जोड़ा अब मध्यप्रदेश की सीमा में पहुंच गया है। गुरुवार को भैसोड़ बलाय पहाड़ के जंगल से निकलने के बाद दोनों ने शुक्रवार को मऊगंज जिले के पटेहरी गांव में दस्तक दी। ग्रामीणों ने हाथियों के वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। इससे पहले हाथियों के प्रयागराज की ओर जाने की भी सूचना सामने आई थी।

वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी ने बताया कि हाथियों का जोड़ा मध्यप्रदेश की सीमा में प्रवेश कर गया है। मऊगंज के पटेहरी गांव में उनकी मौजूदगी देखी गई है। मध्यप्रदेश वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।

ड्रमंडगंज क्षेत्र में करीब एक सप्ताह तक डेरा डाले हाथियों ने महुगढ़ी, लहुरियादह और भैसोड़ बलाय पहाड़ गांवों में मक्का व धान की फसल रौंद दी थी। इसके अलावा किसानों के मड़हे और मचान भी क्षतिग्रस्त कर दिए थे। हाथियों के मध्यप्रदेश की ओर चले जाने से जंगल से सटे गांवों के लोगों और वन विभाग ने राहत की सांस ली है।