बाराबंकी पुलिस ने आठ साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
बाराबंकी पुलिस ने आठ साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
बाराबंकी, 30 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल, स्वॉट टीम और सर्विलांस सेल की मदद से आठ अन्तरराज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में मोबाइल, लैपटाप, टैबलेट, नियुक्ति पत्र व कूटरचित दस्तावेज आदि सामान बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मंगलवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि पकड़े गए अपराधियों में अयोध्या निवासी दीपक तिवारी, बागपत के अंकित कटारिया, बाराबंकी के मिनाक्षी वर्मा, उत्तराखंड निवासी विपिन वर्मा, लखन निवासी अब्दुल रिजवान, मोहम्मद अफजल, बाराबंकी निवासी आदर्श राज और बागपत की रहने वाला इमरान सलीम है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार साइबर ठगों का एक संगठित गिरोह हैं, जो ऑनलाइन गेमिंग कॉल सेंटर, ओएलएक्स, मेटा के फेसबुक व इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन बेटिंग गेम व नौकरी का विज्ञापन अपलोड कर, लोगों को फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर पोर्न वीडियो देखने आदि की धमकी देकर डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य विभिन्न तरीकों से साइबर अपराध करते थे। ये लोग अपने बैंक खातों में साइबर फ्रॉड कर रुपये भी मंगाते थे। पकड़े गए लोगो के कब्जे से विभिन्न बैंकों की विभिन्न शाखाओं के खाता संख्या प्राप्त हुई हैं, जिनको एनसीआरपी व समन्वय पोर्टल के माध्यम से चेक किया गया तो उन खातों पर साइबर ठगी का पैसा ट्रांसफर होने सम्बन्धी शिकायत विभिन्न राज्यों जैसे दिल्ली, गुजरात, उत्तराखण्ड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र से पंजीकृत कराई गई। पकड़े गए साइबर अपराधियों से अभी पूछताछ की जा रही है। इनके अन्य साथी जो फरार है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है जो जल्द ही पकड़े जाएंगे।