दीपोत्सव पर राम की तपोभूमि चित्रकूट में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया स्नान और परिक्रमा

चित्रकूट में दीपोत्सव का अद्भुत नजारा! 500 ड्रोन से आसमान में दिखी रामायण, लाखों श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

दीपोत्सव पर राम की तपोभूमि चित्रकूट में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया स्नान और परिक्रमा

सतना, 09 नवंबर । मध्य प्रदेश के सतना जिले की धार्मिक एवं पौराणिक नगरी चित्रकूट लाखों दीपों की आभा से आलोकित होकर पावन धरा में मंदाकिनी के घाटों पर बिखरी दीपशिखाओं की अलौकिक छटा ने ऐसा दिव्य दृश्य रचा, जो श्रद्धालुओं के हृदय में अविस्मरणीय स्मृति बनकर बस गया।

दीपावली अमावस्या मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तकरीबन 15लाख से ज्यादा लोगों ने मंदाकिनी नदी में स्नान किया, जबकि 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने कामदगिरि की परिक्रमा की। प्रशासन ने इस बार मेले में करीब 50 लाख लोगों के यहां पहुंचने का अनुमान बताया

रात 8 बजे रामघाट पर 500 ड्रोन के जरिए आसमान में रामायण के प्रसंग दिखाए गए। इस नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। सुबह से ही मंदाकिनी नदी के रामघाट पर स्नान और दीपदान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। स्नान के बाद लोग भगवान कामतानाथ के दर्शन कर पांच कोसी कामदगिरि की परिक्रमा कर रहे हैं।

500 ड्रोन से आसमान में दिखाई रामायण

रविवार रात रामघाट पर पहली बार 500 ड्रोन का शो आयोजित किया गया। रात करीब 8 बजे शुरू हुए इस शो में ड्रोन की रोशनी से आसमान में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंग दिखाए गए। सबसे पहले धनुष-बाण के साथ भगवान श्रीराम की आकृति बनाई गई। इसके बाद सीता-राम की छवि, वनवास, केवट प्रसंग, चित्रकूट प्रवास, सीता हरण, हनुमान जी का लंका दहन और लंका विजय के दृश्य दिखाए गए।

करीब 30 मिनट तक चले इस शो को देखने के लिए रामघाट और आसपास की छतों पर भीड़ जुटी रही। लोग मोबाइल से इन दृश्यों को रिकॉर्ड करते नजर आए। शो के अंत में आसमान में 'जय श्रीराम' लिखा दिखाई दिया। इसके साथ ही पूरा रामघाट जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

प्रमुख घाटों और धार्मिक स्थलों पर दीपदान

चित्रकूट के रामघाट, कामतानाथ, सती अनुसुइया, गुप्त गोदावरी, रामसैया और देवांगना में श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। पांच दिवसीय यह मेला धनतेरस से शुरू हुआ है और 11 नवंबर तक चलेगा। दीपावली अमावस्या पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

भीड़ को संभालने के लिए पुलिस तैनात

श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। रामघाट, कामदगिरि परिक्रमा मार्ग और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बैरिकेडिंग की गई है। भीड़ को संभालने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

भगवान राम ने चित्रकूट में बिताए थे 11 साल, 11 महीने और 11 दिन

धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ चित्रकूट में 11 साल, 11 महीने और 11 दिन बिताए थे। इसी मान्यता के कारण चित्रकूट का विशेष धार्मिक महत्व है। हर साल दीपावली अमावस्या पर लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। वे मंदाकिनी में स्नान, दीपदान और भगवान कामतानाथ के दर्शन के साथ कामदगिरि की परिक्रमा करते हैं।

मौन चराई नृत्य का हुआ आयोजन

दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को चित्रकूट में यादव समाज ने मौन चराई और देवारी नृत्य की परंपरा निभाई। मंदाकिनी तट और रामघाट पर कार्यक्रम देखने के लिए श्रद्धालु जुटे। मौन चराई की शुरुआत तड़के मंदाकिनी नदी में स्नान से हुई। युवाओं और बुजुर्गों ने स्नान के बाद मौन व्रत रखा। फिर हाथों में मोरपंख और लाठियां लेकर नंगे पैर भ्रमण किया।इस परंपरा को लगातार 12 या 14 साल तक निभाया जाता है। इसका पारण वृंदावन या चित्रकूट के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद किया जाता है।

गलियों और रामघाट पर देवारी नृत्य हुआ

स्थानीय मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ब्रज में गायों को चराने जाते समय गोवंश की रक्षा और सेवा के भाव से मौन रहते थे। इसी स्मृति में यादव समाज के लोग मौन चराई करते हैं। यह आयोजन कार्तिक अमावस्या के बाद पड़वा पर होता है।

चित्रकूट की गलियों और रामघाट पर देवारी नृत्य भी हुआ। रंग-बिरंगे पारंपरिक कपड़े पहने और सिर पर मोर पंख रख कर नृत्य करते हुए कामता नाथ स्वामी के दर्शन किए

श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत, 12 घायल

सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें दीपदान मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के कारण 4 लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। यह हादसा रैपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर रामनगर कस्बा स्थित पावर हाउस के पास हुआ। इस ट्रॉली में ऊंचा गांव (प्रयागराज) के निवासियों के साथ-साथ उनके कुछ रिश्तेदार भी सवार थे जो मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले हैं। रविवार देर रात दर्शन और दीपदान करने के बाद सभी वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। मृतकों में 3 रीवा जिले के और एक प्रयागराज के रहने वाले थे