प्रयागराज में सड़क हादसे में महाविद्यालय के वरिष्ठ लिपिक की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए थे घायल
प्रयागराज में सड़क हादसे में महाविद्यालय के वरिष्ठ लिपिक की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए थे घायल
प्रयागराज, 28 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित उतरांव थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव के समीप मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में घायल एक महाविद्यालय के लिपिक की स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में बुधवार को मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने हादसे में सराय इनायत थाना क्षेत्र के सराय लाहुरपुर गांव निवासी सुरेन्द्र प्रताप सिंह(58) पुत्र स्वर्गीय मेवालाल सिंह की मौत हुई है। इस संबंध बुधवार सुबह तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए परिवार के लोगों ने बताया कि वह हनुमंत महाविद्यालय लाहुरपुर में वरिष्ठ लिपिक थे, दांत के चिकित्सक भी थे। मंगलवार देर रात अपने दांत के अस्पताल से वापस लौटते समय उतरांव थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में वे किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजन ने उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया था। जहां बुधवार सुबह मौत हो गई।