काशी विश्वनाथ धाम में मां विशालाक्षी को समर्पित की गई श्रृंगार सामग्री, नवदुर्गा सप्तशती का पाठ संपन्न
वाराणसी, 16 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के षष्ठ दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में शक्ति की उपासना, माँ विशालाक्षी को श्रृंगार सामग्री समर्पित और नवदुर्गा सप्तशती का पाठ संपन्न हुआ।
आदिशक्ति माँ भगवती की आराधना और बाबा विश्वनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा के पावन भावों के साथ शारदीय नवरात्रि के षष्ठ दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधानपूर्वक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस मंगल अवसर पर माँ विशालाक्षी के निमित्त श्रृंगार सामग्री बाबा श्री विश्वेश्वर को श्रद्धापूर्वक अवलोकित कराने के उपरांत प्रेषित की गई। साथ ही, जगत जननी माँ दुर्गा की महिमा का गुणगान करते हुए नवदुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया।
माँ भगवती की उपासना और बाबा विश्वनाथ के चरणों में समर्पण के इन पावन अनुष्ठानों ने धाम के आध्यात्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया। माँ आदिशक्ति एवं भगवान शिव की संयुक्त आराधना के माध्यम से लोककल्याण, सुख-समृद्धि और समस्त श्रद्धालुओं के जीवन में शांति एवं मंगल की कामना की गई। नवरात्र का यह पावन पर्व शक्ति, भक्ति और शिवत्व के दिव्य संगम का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं की आस्था को और प्रगाढ़ कर रहा है। अंतिम में पाठ कर रहे ब्राह्मणों को प्रसाद देकर पुण्य की प्राप्ति की गई।