झारखंड में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, रांची सहित सभी जिलों के घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर व्रतियों ने किया पारण, छठ गीतों से भक्तिमय हुआ झारखंड
रांची, 16 नवंबर । झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया। सूर्योपासना के बाद व्रतियों ने पारण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा किया। राज्य के सभी जिलों में छठ पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
व्रती और उनके परिजन पारंपरिक सूप, दउरा और पूजन सामग्री लेकर छठ घाटों पर पहुंचे। किसी के हाथों में सूप था, तो कोई दउरा लेकर भगवान सूर्य की आराधना में लीन नजर आया। जैसे ही आसमान में सूर्य की लालिमा दिखाई देने लगी, व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
छठ को लेकर सुबह से ही घाटों पर विशेष चहल-पहल रही। परिवार के सदस्य एक-दूसरे का हाथ थामे घाटों तक पहुंचे। व्रतियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी इस पावन अनुष्ठान के साक्षी बने। कई घाटों पर रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह होते-होते घाटों पर भारी भीड़ जुट गई। इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिलाओं के समूह छठ गीत गाते हुए भगवान भास्कर की आराधना करते नजर आए।
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर राजधानी रांची में विशेष रौनक रही। नहाय-खाय से शुरू हुआ यह अनुष्ठान खरना और संध्या अर्घ्य के बाद सोमवार को प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ। इसके बाद व्रतियों ने पारण कर अपना व्रत पूरा किया।
इस बार छठ पर्व की खासियत यह भी रही कि रांची में रहने वाले लोगों के साथ-साथ दूसरे शहरों और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले परिवार के सदस्य भी पर्व मनाने अपने घर लौटे। इससे घरों से लेकर छठ घाटों तक उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।--