प्रयागराज में अतिक्रमण करने वालों को तीन दिन की मोहलत, 48 लोगों को नोटिस; नहीं हटाया कब्जा तो चलेगा बुलडोजर अभियान
हाईकोर्ट के आदेश पर नगर निगम की कार्रवाई तेज, अल्लापुर, 80 फीट रोड और बाघंबरी गद्दी क्षेत्र में जारी किए गए नोटिस; शुक्रवार से सभी जोनों में अभियान होगा तेज।
प्रयागराज, 26 नवंबर । प्रयागराज जनपद में जलभराव की समस्या दूर करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में नगर निगम के जोन-04 में गुरुवार को अभियान चलाकर 48 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया। नगर निगम ने संबंधित लोगों को तीन दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी है। निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाने पर नगर निगम की टीम बलपूर्वक अतिक्रमण हटाएगी।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई उच्च न्यायालय में दाखिल रिट याचिका संख्या (WRIT-C) 33377/2026 में पारित आदेश के क्रम में की जा रही है। इसके तहत सड़कों, फुटपाथों और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। साथ ही नालों पर स्थायी निर्माण करने और स्लैब डालकर जल निकासी बाधित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जोन-04 में चलाए गए अभियान के दौरान 80 फीट रोड, अल्लापुर और बाघंबरी गद्दी क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दिए गए। नगर निगम ने सभी जोनों के अधिशासी अभियंताओं और अवर अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण चिह्नित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि तीन दिन की समय सीमा समाप्त होने के बाद वृहद अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। शुक्रवार से सभी जोनों में अभियान और तेज किया जाएगा।
नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी जमीन, सड़क, फुटपाथ और नालों पर किए गए अवैध कब्जे स्वयं हटा लें। ऐसे अतिक्रमण से नालों की सफाई और जल निकासी में बाधा आती है, जिससे जलभराव की समस्या पैदा होती है। शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाने के लिए नागरिक नगर निगम का सहयोग करें।