विधायक पूजा पाल के चाचा कमलेश पाल का निधन, संघ और भाजपा में शोक की लहर
बाल्यकाल से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे कमलेश पाल, राम जन्मभूमि आंदोलन में भी निभाई थी सक्रिय भूमिका; झांसी से प्रयागराज लौटते समय ट्रेन में हृदयाघात से निधन।
प्रयागराज, 26 नवंबर । विधायक पूजा पाल के चाचा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कल्याणी नगर के सामाजिक सद्भाव प्रमुख कमलेश पाल का आकस्मिक निधन हो गया। झांसी से प्रयागराज लौटते समय ट्रेन में हृदयाघात होने से उनकी मृत्यु हो गई। उनके निधन की सूचना से संघ परिवार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शोक की लहर है।
भाजपा के निवर्तमान महानगर मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि कमलेश पाल निजी कार्य से झांसी गए थे। वहां से प्रयागराज लौटते समय ट्रेन में उन्हें हृदयाघात हुआ, जिससे उनका आकस्मिक निधन हो गया। वह बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे। संघ में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने के साथ उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वह भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महानगर मंत्री भी रह चुके थे।
उनकी अंतिम यात्रा 27 नवंबर को सुबह आठ बजे कटघर स्थित उनके निजी आवास से दारागंज के लिए प्रस्थान करेगी। दारागंज में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन पर संघ परिवार और भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।