संविधान के मूल्यों को आचरण में उतारना हर नागरिक का दायित्व : अनिल सिंह

भाजपा यमुनापार जिला प्रभारी ने संविधान गौरव दिवस संगोष्ठी में दिलाई संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ, डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को किया याद।

संविधान के मूल्यों को आचरण में उतारना हर नागरिक का दायित्व : अनिल सिंह

प्रयागराज, 26 नवंबर। भारतीय संविधान सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार है। संविधान केवल देश के संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और सम्मान की रक्षा करने वाला सर्वोच्च मार्गदर्शक है। इसके आदर्शों को अपने आचरण में उतारना और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यह बातें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यमुनापार जिला प्रभारी अनिल सिंह ने सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित संविधान गौरव दिवस संगोष्ठी में कहीं।

उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर का योगदान अतुलनीय और अविस्मरणीय है। उनके विचारों और संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करके ही सामाजिक न्याय और समानता के आदर्शों को आगे बढ़ाया जा सकता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि अनिल सिंह ने संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल उद्देश्यों का वाचन किया। इसके बाद उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संविधान की गरिमा, मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष एवं जिला संयोजक डॉ. देवी सिंह पटेल ने की। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान और उसके सिद्धांतों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं राष्ट्रीय दायित्व है। संगोष्ठी में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर उसके मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रदीप पांडेय, रामसुख कुशवाहा, रत्नाकर सिंह पटेल, जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी, अनिल मिश्रा, पुष्पराज सिंह पटेल, गौतम भारती, पृथ्वी पाल सिंह, नागेश्वर निषाद, जगत नारायण शुक्ला और शिवशंकर दीक्षित सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।