वाराणसी में दिव्यांग क्रिकेटरों का दमदार प्रदर्शन, झारखंड और पश्चिम बंगाल ने जीते मुकाबले
सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 टी-20 टूर्नामेंट के दूसरे दिन तीन मैच खेले गए; उत्तर प्रदेश ने झारखंड को हराया, सुरजीत और अब्बू ताहिर बने मैन ऑफ द मैच
वाराणसी,10 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प माह के तहत वाराणसी के सिगरा स्थित खेल स्टेडियम में आयोजित सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन शनिवार को खिलाड़ियों ने जज्बा दिखाया। खिलाड़ियों के जानदार प्रदर्शन,चपलता और खेल प्रतिभा देख दर्शक स्तब्ध रह गए।
मैच के दौरान मैदान दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों के शानदार चौके छक्के लगाने तथा कैच पकड़ने पर तालियों से उनका उत्साह वर्धन दर्शकों ने किया।
दूसरे दिन पहला मैच बिहार एवं झारखंड के बीच खेला गया। झारखंड दिव्यांग क्रिकेट टीम ने टॉस जीत कर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। बिहार टीम पहले बैटिंग करते हुए 65 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। बिहार की टीम की ओर से राजीव ने 2 चौकों की मदद से सर्वाधिक 15 रन का योगदान प्रदान किया। झारखंड की ओर से गेंदबाजी करते हुए अब्बू ताहिर व मनीष सिंह ने 3 ओवर में 12 रन खर्च करके 3-3 विकेट लिए। जवाब में खेलते हुए झारखंड में 14.5 ओवरों में 8 विकेट खोकर मैच जीत लिया। झारखंड की ओर से अब्बू ताहिर ने 1 चौके की मदद से सर्वाधिक 10 रनों का योगदान दिया। बिहार की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रताप ने 4 ओवरों में 12 रन खर्च करके 4 विकेट लिए। अब्बू ताहिर को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दूसरा मैच पश्चिम बंगाल एवं विदर्भ दिव्यांग क्रिकेट टीम के बीच खेला गया जिसमें विदर्भ दिव्यांग क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। विदर्भ की टीम ने 7 विकेट खोकर 138 रनों का लक्ष्य दिया। विदर्भ की ओर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए विशाल साहनी ने 47 गेंद खेल कर 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 55 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। पश्चिम बंगाल की ओर से गेंदबाजी करते हुए परन आरव ने 4 ओवर में 32 रन खर्च करके 2 विकेट हासिल किया । जवाब में खेलते हुए पश्चिम बंगाल दिव्यांग क्रिकेट टीम ने 18.4 ओवर में 2 विकेट खोकर मैच को जीत लिया। पश्चिम बंगाल की ओर से विमल महतो ने 26 गेंद खेल कर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 41 रनों का योगदान दिया। वहीं विदर्भ की ओर से बाँलिंग करते हुए अक्षय चौधरी ने 3.4 ओवर में 26 रन खर्च करके 2 विकेट लिए। विमल महतो को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
तीसरा मैच उत्तर प्रदेश एवं झारखंड के बीच खेला गया जिसमें झारखंड ने टाँस ने जीत कर पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया झारखंड की टीम 12 ओवरों में 48 रन पर ऑल आउट हो गई। झारखंड की ओर से विष्णु ने 1 चौके की मदद से सर्वाधिक 8 रनों का योगदान दिया। उत्तर प्रदेश की ओर से शानदार बाँलिंग करते हुए सुरजीत ने 3 ओवरों में 2 ओवर मेडेन फेंका तथा 2 रन देकर 4 विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने 9.3 ओवर में 2 विकेट खोकर मैच को जीत लिया। उत्तर प्रदेश की ओर से ओमवीर ने 27 गेंद खेल कर 1 छक्के की मदद से सर्वाधिक 20 रनों का योगदान दिया। झारखंड की ओर से गेंदबाजी करते हुए अब्बू ताहिर ने 2 ओवर में 10 रन खर्च करके 1 विकेट लिए। सुरजीत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इसके पहले राज्य मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम उद्योग हंसराज विश्वकर्मा ने टास कराकर मैच का शुभारंभ कराया । उन्होंने कहा कि दिव्यांग जनों के लिए आयोजित राष्ट्रीय क्रिकेट मैच पूरे देश को दिव्यांग जनों को संभल प्रदान करेगा। इस अवसर पर पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया व दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने अतिथियों, खिलाड़ियों, आयोजकों और सहयोगियों के प्रति जताया। आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि काशी में यह आयोजन एक कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा भविष्य में इससे बड़ा आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पद्मश्री विमल जैन, राहुल गुप्ता, रोहित गुप्ता, रोशन द्विवेदी, अखिलेश यादव,आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी डॉ मनोज तिवारी भी मौजूद रहे।