अमरूद की खेती में नई तकनीक से बढ़ेगा उत्पादन, किसानों को मिला प्रशिक्षण!

अमरूद की खेती में स्पेलियर तकनीक से बढ़ेगा उत्पादन, गुणवत्ता भी होगी बेहतर: डॉ. शैलेंद्र सिंह

अमरूद की खेती में नई तकनीक से बढ़ेगा उत्पादन, किसानों को मिला प्रशिक्षण!

प्रयागराज, 25 नवंबर । अमरूद की परंपरागत खेती की तुलना में स्पेलियर तकनीक अपनाकर किसान अधिक और गुणवत्तायुक्त उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। इस तकनीक में अमरूद के पौधों को दो से तीन मीटर की दूरी पर कतारों में लगाया जाता है। इसके बाद स्थायी ढांचा तैयार कर पौधों को उस पर चढ़ाया जाता है। इससे कम स्थान में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। यह जानकारी मंगलवार को शुआट्स नैनी के प्रसार निदेशालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने दी।


वह औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र खुसरोबाग में मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास मिशन योजना के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तकनीकी सत्र को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि इस तकनीक का प्रदर्शन प्रशिक्षण केंद्र में किया गया है। अमरूद उत्पादक किसान यहां इसका व्यावहारिक प्रशिक्षण लेकर अपनी खेती में इसका लाभ उठा सकते हैं।


प्रशिक्षण के दौरान उद्यान विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अनुराग तायडे ने बागों और पौधों में लगने वाले कीट एवं बीमारियों की पहचान तथा उनके नियंत्रण के उपाय बताए। वहीं, बिलोवुड प्राइवेट लिमिटेड के एरिया मैनेजर डॉ. सत्यम सिंह ने कृषि रक्षा रसायनों के दुष्प्रभाव और उनके संतुलित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब कीट और बीमारियों से फसल को आर्थिक नुकसान होने की स्थिति बनने लगे, तभी उचित कृषि रक्षा रसायनों का प्रयोग कर उनका नियंत्रण करना चाहिए।

प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी विजय किशोर सिंह ने अमरूद में वेज ग्राफ्टिंग तकनीक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवंबर से जनवरी के बीच अमरूद की ग्राफ्टिंग कर कलमी पौधे तैयार किए जा सकते हैं।

प्रशिक्षण के समापन सत्र में प्रतिभागियों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण किट और प्रमाणपत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षण में प्रयागराज, कौशांबी और फतेहपुर के 50 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन उद्यान निरीक्षक मनीष कुमार यादव ने किया।