प्रयागराज में घर की जमीन खोदकर निकाले गए तीन ड्रम रुपये, चोरी की रकम होने की सूचना पर पुलिस की छापेमारी
नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव में आधी रात तक चली तलाशी; पुलिस ने नकदी सील कर कब्जे में ली, रकम और स्रोत की जांच जारी
प्रयागराज, 29 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में पुलिस ने एक मकान की जमीन की खुदाई कर तीन ड्रमों में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में रुपये बरामद किए हैं। चोरी की रकम होने की सूचना पर नवाबगंज और सोरांव थाने की पुलिस टीम ने बुधवार की रात मकान की तलाशी और खुदाई की। बरामद नकदी को सील कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में संबंधित विभागों को सूचना देकर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नकबजनी से जुड़े मामलों का खुलासा करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरईपुर रामनगर गांव स्थित एक मकान में चोरी के रुपये जमीन में गाड़कर छिपाए गए हैं। सूचना के आधार पर नवाबगंज और सोरांव थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान की तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर खुदाई की गई, जहां तीन ड्रमों में छिपाकर रखी गई नकदी मिली। पुलिस ने बरामद रुपये अपने कब्जे में लेकर सील कर दिए हैं। हालांकि, बरामद रकम कितनी है और उसका स्रोत क्या है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
संबंधित विभागों को दी गई सूचना
पुलिस ने मामले की जानकारी संबंधित विभागों को दे दी है। बरामद नकदी के स्रोत और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी गंगानगर ने दी जानकारी
पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बुधवार देर रात इस कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में नवाबगंज और सोरांव थाने की पुलिस टीम शामिल रही।