बिहार ले जाई जा रही 118 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद, GRP ने दो कथित तस्करों को दबोचा; 21.24 लीटर शराब जब्त

चोपन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर संदिग्ध हालत में बैठे थे दोनों आरोपी, पुलिस को देखते ही भागने लगे; घेराबंदी कर पकड़े गए

बिहार ले जाई जा रही 118 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद, GRP ने दो कथित तस्करों को दबोचा; 21.24 लीटर शराब जब्त

मीरजापुर, 15 सितंबर बिहार में शराबबंदी के बावजूद वहां शराब पहुंचाने वाले दो कथित शराब तस्करों को जीआरपी चोपन पुलिस ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से अंग्रेजी शराब की 118 शीशियां बरामद हुईं हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 21.24 लीटर बताई गई है।

थानाध्यक्ष जीआरपी मीरजापुर राजेश कुमार वर्मा के निर्देशन में चौकी प्रभारी चोपन उपनिरीक्षक दिनेश कुमार पुलिस टीम के साथ स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिल्ली आउटर की ओर टीन शेड के नीचे बेंच पर बोरी और बैग लेकर बैठे दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध दिखीं। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपिताें की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र निवासी शमीम अहमद और अनिल कुमार के रूप में हुई। तलाशी में शमीम के बैग से 48 और अनिल की बोरी से 70 शीशी 08 पीएम अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

थानाध्यक्ष जीआरपी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि पूछताछ में आराेपिताें ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के चलते वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे और ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते हैं। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------