अयोध्या पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार अयोध्या पहुंचे हर्षवर्धन सिंह; 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बोले—प्रदेश का युवा भाजपा के समर्थन में संकल्पित
अयोध्या, 21 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद बुधवार काे पहली बार हर्षवर्धन सिंह अयोध्या पहुंचे।
महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
उन्होंने एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया।
उन्होंने युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंत जोशी का भी धन्यवाद किया।
हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि पार्टी ने उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है, जिसके लिए वह आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि प्रदेश का एक-एक युवा भाजपा को समर्थन देने के लिए संकल्पित है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के युवा मिलकर भाजपा को बड़ी जीत दिलाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समर्थन देंगे।
हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि प्रदेश में चुनावी माहौल नहीं बदला है। उन्होंने 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनावों का जिक्र करते हुए अपना पक्ष रखा।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, किसान और गरीब सहित हर वर्ग के जीवन में बदलाव आया है और भाजपा को हर ओर से समर्थन मिल रहा है।