कानपुर में बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए पुलिस मुस्तैद, डीसीपी ने दिए सुरक्षा के निर्देश
कानपुर में बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए पुलिस मुस्तैद, डीसीपी ने दिए सुरक्षा के निर्देश
कानपुर, 12 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में मंगलवार को मतदान होगा। 15 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। पूर्व अध्यक्ष डॉ. निर्मला सिंह के निधन के बाद हो रहे उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदान के दौरान सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित स्थलों पर समय से पहुंचकर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए। बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के इस उपचुनाव में विधायक अभिजीत सिंह सांगा के बड़े भाई राणा समरेंद्र सिंह और पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला के भतीजे आदर्श द्विवेदी उर्फ विभु समेत प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
एसएम कासिम आबिदी ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त और चेकिंग करने के निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखने तथा किसी भी संभावित विवाद की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने, मतदाताओं को डराने-धमकाने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और निष्पक्षता बनाए रखने को कहा। उपचुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।----------------