प्रयागराज समेत यूपी में 7 दिन शुष्क रहेगा मौसम, 27 अक्टूबर तक बारिश नहीं
मौसम विभाग ने 21 से 27 अक्टूबर तक जारी किया पूर्वानुमान, फिलहाल कोई अलर्ट नहीं; सुबह और रात में बढ़ सकता है हल्की ठंड का एहसास
प्रयागराज, 21 अक्टूबर ।प्रयागराज सहित पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र की ओर से 21 से 27 अक्टूबर तक जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने दोनों क्षेत्रों के लिए किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी भी जारी नहीं की है। ऐसे में फिलहाल मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मौसम में बदलाव के साथ सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास बढ़ सकता है। हालांकि, स्थानीय तापमान और हवा की दिशा के आधार पर मौसम का प्रभाव अलग-अलग हो सकता है। किसानों को मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनानी चाहिए।
मौसम विभाग के 21 अक्टूबर को जारी बुलेटिन में 21, 22, 23, 24, 25, 26 और 27 अक्टूबर के लिए पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान दिया गया है। इन सात दिनों में किसी भी क्षेत्र के लिए मौसम संबंधी चेतावनी नहीं है। बुलेटिन के अनुसार, फिलहाल बारिश या किसी अन्य प्रतिकूल मौसमी स्थिति को लेकर अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी की समीक्षा नियमित रूप से की जाती है। ऐसे में लोगों को जरूरत के अनुसार विभाग के नवीनतम बुलेटिन पर नजर रखनी चाहिए। किसानों के लिए भी मौसम के ताजा अपडेट उपयोगी रहेंगे, ताकि वे फसलों की कटाई, मड़ाई और अन्य कृषि कार्यों को मौसम के अनुरूप व्यवस्थित कर सकें।