प्रयागराज में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 600 प्रतिमाओं का होगा विसर्जन

अंदावा और श्रृंगवेरपुर में बनाए गए विसर्जन स्थल, पुलिस बल के साथ NDRF तैनात; मंगलवार सुबह से बुधवार तक चलेगा विसर्जन

प्रयागराज में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 600 प्रतिमाओं का होगा विसर्जन

प्रयागराज, 20 अक्टूबर । दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। गंगानगर क्षेत्र में स्थापित करीब 600 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार सुबह से झूंसी थाना क्षेत्र के अंदावा गांव स्थित तालाब में कराया जा रहा है। दूरी को देखते हुए श्रृंगवेरपुर में भी प्रतिमा विसर्जन के लिए एक तालाब चिह्नित किया गया है। विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की गई है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम तैनात की गई है। विसर्जन मंगलवार से लेकर बुधवार की सुबह तक जारी रहेगा।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रकाश की समुचित व्यवस्था के साथ ही सुरक्षा के अन्य जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि गंगानगर क्षेत्र में स्थापित प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अंदावा गांव स्थित तालाब को प्रमुख स्थल बनाया गया है। वहीं, दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्रृंगवेरपुर में भी विसर्जन स्थल निर्धारित किया गया है।

यमुनानगर में भी निर्धारित किए गए विसर्जन स्थल

यमुनानगर क्षेत्र में भी दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। नगर क्षेत्र की प्रतिमाओं का विसर्जन भी झूंसी के अंदावा गांव स्थित तालाब में कराया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं, जिससे श्रद्धालु धार्मिक परंपराओं का निर्वहन सुगमता और सुरक्षित वातावरण में कर सकें।