प्रयागराज : गंगा में डूबने से सगे भाइयों की मौत

प्रयागराज : गंगा में डूबने से सगे भाइयों की मौत

प्रयागराज : गंगा में डूबने से सगे भाइयों की मौत

प्रयागराज, 09 जून । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत मनैया गांव अंतर्गत मंगलवार सुबह गंगा नदी में नहाने गए सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरों के शव नदी से बाहर निकलवाए। पुलिस का कहना है कि परिवार के लोग पंचायतनामा कर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

सहायक पुलिस आयुक्त सुनील कुमार सिंह ने बताया कि औद्योगिक थाना क्षेत्र के मनैया गांव निवासी 16 वर्षीय राजन यादव अपने छोटे भाई अभिषेक यादव तथा रिश्तेदार सनी यादव के साथ गंगा नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से सनी यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन राजन और अभिषेक गंगा की तेज धारा में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से नदी में डूबे किशोरों की खोजबीन शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद दोनों भाइयों के शव बरामद कर लिए गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि मनैया गांव के पास गंगा नदी में नहाने के दौरान दो किशोरों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस एवं गोताखोरों की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को बरामद कर लिया है। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे, जिससे दोनों का शव परिवार को सुपुर्द कर दिया गया।

उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें। इस हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतकों को और मजबूत करने की मांग की है।