कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन में गूंजी किलकारी, RPF ने जच्चा-बच्चा को पहुंचाया अस्पताल
ऑपरेशन मातृ शक्ति के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने दिखाई तत्परता, डफरिन महिला अस्पताल में मां और नवजात का उपचार जारी
कानपुर, 23 अक्टूबर । कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शुक्रवार को ट्रेन में बच्चे को जन्म देने वाली महिला और नवजात को रेलवे सुरक्षा बल ने अस्पताल पहुंचाने में मदद की। ऑपरेशन मातृ शक्ति के तहत आरपीएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस से दोनों को डफरिन महिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
लुधियाना से गोरखपुर जा रही काजल अपने पति दीपक के साथ ट्रेन संख्या 15708 में यात्रा कर रही थीं। ट्रेन के कोच एस-7 की बर्थ नंबर सात पर महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इसकी सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल के सहायक उपनिरीक्षक राजीव कुमार गौड़ और महिला कांस्टेबल अलका विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और महिला की मदद की।
मौके पर मधुराज अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रितेश और सीटीसी नफीस अहमद भी मौजूद थे। चिकित्सक ने महिला को डफरिन महिला अस्पताल रेफर किया। इसके बाद महिला कांस्टेबल अलका विश्वकर्मा की सहायता से एंबुलेंस के जरिए महिला और नवजात को अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। आरपीएफ ने महिला के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी भी दी।
रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता से प्रसूता और नवजात को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा और जरूरत के समय सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है।