अंतर विश्वविद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए 26 अक्टूबर को होगा खिलाड़ियों का चयन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के नियमित विद्यार्थी पहचान पत्र और शुल्क रसीद के साथ खेल बोर्ड कार्यालय में करें रिपोर्ट
प्रयागराज, 23 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पुरुष कबड्डी टीम के चयन एवं ट्रायल के लिए 26 अक्टूबर को पंजीकरण किया जाएगा। अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता सत्र 2026-27 के लिए होने वाली इस प्रक्रिया में विश्वविद्यालय और उसके संघटक महाविद्यालयों के इच्छुक नियमित विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। यह जानकारी शुक्रवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. अमित सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के खेल बोर्ड कार्यालय में सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक पंजीकरण और चयन की प्रक्रिया चलेगी। इसमें शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अपना पहचान पत्र और सत्र 2026-27 की शुल्क रसीद साथ लानी होगी।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. अमित सिंह ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए पुरुष कबड्डी टीम का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। इच्छुक नियमित विद्यार्थी तय तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ खेल बोर्ड कार्यालय पहुंचकर पंजीकरण कराएं। उन्होंने विद्यार्थियों से चयन प्रक्रिया में समय से शामिल होने की अपील की।