जौनपुर: 50 हजार का इनामी मुठभेड़ में घायल, साथी समेत गिरफ्तार
जौनपुर: 50 हजार का इनामी मुठभेड़ में घायल, साथी समेत गिरफ्तार
जौनपुर, 01 अगस्त । यूपी के जौनपुर में खुटहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी एवं अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस संबंध में शनिवार को जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर थानाध्यक्ष लक्ष्मण विक्रम सिंह के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन पुलिस सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रिंकू यादव यादव निवासी भेला, थाना सरपतहाँ (जौनपुर) के बाएं पैर में गोली लग गई। उसका साथी सत्यम लोना निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर (अंबेडकर नगर) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल रिंकू यादव को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन भेजा गया। वह थाना सरपतहाँ का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी तथा अयोध्या सहित विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम समेत 38 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार सत्यम लोना के विरुद्ध भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।