यूपी के सर्वोदय विद्यालयों में खेल प्रतियोगिताओं का आगाज, चार जोन में खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
100, 200 और 400 मीटर दौड़ से लेकर भाला फेंक, वॉलीबॉल और कबड्डी तक मुकाबले। 29 और 30 नवंबर को होंगे सेमीफाइनल, फाइनल और पुरस्कार वितरण समारोह।
लखनऊ, 27 नवंबर उत्तर प्रदेश के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में सत्र 2026-27 की जोन स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। चार जोन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी 100, 200 और 400 मीटर दौड़, भाला फेंक, वॉलीबॉल और कबड्डी में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। क्वार्टर फाइनल मुकाबले 26 नवंबर से शुरू हुए हैं, जबकि 29 और 30 नवंबर को सेमीफाइनल, फाइनल और पुरस्कार वितरण समारोह होंगे।
समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों (पूर्ववर्ती राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय) के विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए प्रतियोगिताएं नॉकआउट और ग्रुप प्रारूप में हो रही हैं। प्रत्येक जोन में विद्यालयों को ग्रुप-ए, बी, सी और डी में बांटा गया है। विजेता टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी।
बालक वर्ग में जोन- एक के केंद्र बजीरपुर (जेहलपुर), कांधनी (इटावा), चठिया धनवार (हरदोई) और बालक मोहान रोड (लखनऊ) हैं। जोन-दो में उन्नयन परिसर (मुरादाबाद), चौरी-चौरा (गोरखपुर), सकरौरा (गोंडा) और तीरगांव (बाराबंकी), जोन-तीन में चंदापुर व तरसड़ा (वाराणसी), परसिया (मिर्जापुर) और जोगियाटप्पा भानपुर (बस्ती) तथा जोन-चार में कोछाभावर (झांसी), खाई करछना (प्रयागराज), बरैसा मंझनपुर (कौशाम्बी) और बरगढ़ कलचिहा (चित्रकूट) में मुकाबले हो रहे हैं।
बालिका वर्ग में जोन- एक के केंद्र मनौना आंवला (बरेली), धौलागढ़ (बिजनौर), निडौरी (गाजियाबाद) और सनौली (बाराबंकी) हैं। जोन-दो में कौडिहार (प्रयागराज), भरसवां (कौशाम्बी), मड़िहान (मिर्जापुर) और सैदपुर (गाजीपुर), जोन-तीन में रहीमाबाद (सीतापुर), बालिका मोहान रोड (लखनऊ), गौरीगंज असैदापुर (अमेठी) और जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर) तथा जोन-चार में विशम्भरपुर (गोंडा), रिसिया (बहराइच), सहजनवा (गोरखपुर) और चकदही (संतकबीर नगर) में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।