नए यमुना पुल से कूदकर युवक ने की आत्महत्या, पुलिस ने बरामद किया शव

सीसीटीवी ने खोला युवक की मौत का राज

नए यमुना पुल से कूदकर युवक ने की आत्महत्या, पुलिस ने बरामद किया शव

प्रयागराज, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कीडगंज थाना क्षेत्र में यमुना नदी के नए पुल से कूदकर गुरुवार को एक युवक ने आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने गोताखोर लगाकर शव बरामद किया और विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मृतक की पहचान अंश प्रताप सिंह (21) पुत्र विजय प्रताप सिंह निवासी शांतिपुरम, फाफामऊ के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार नए यमुना पुल पर एक दोपहिया वाहन खड़ा मिलने के बाद लोगों और परिजनों ने आशंका जताई कि युवक नदी में कूद गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। कैमरे के अवलोकन में सामने आया कि दोपहर करीब 12:40 बजे एक युवक अपनी मोटरसाइकिल से नये पुल पर खड़ी कर दी और नदी में कूद गया।

इसके बाद जल पुलिस और स्थानीय नाविकों की मदद से यमुना नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया। कुछ देर बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई। युवक के नदी में कूदने की पुष्टि होने पर रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।