पांच साल में दुनिया में सबसे तेज गति से हुआ अयोध्या का विकास: महापौर गिरीशपति त्रिपाठी
जन आवास के लिए नई निर्माण प्रौद्योगिकियों पर कार्यशाला का शुभारंभ। महापौर ने आधुनिक तकनीक से अयोध्या को स्मार्ट सिटी बनाने पर दिया जोर, अभियंताओं को मिला प्रशिक्षण।
अयोध्या, 27 नवंबर । नगर निगम अयोध्या महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि बीते पांच वर्षों में अयोध्या का विकास दुनिया के इतिहास में सबसे तेज गति से हुआ है। यहां के प्रशासन, विकास प्राधिकरण, नगर निगम ने कुशल अभियंताओं के साथ मिलकर कनेक्टिविटी, स्वच्छता से लेकर नव निर्माण तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नई तकनीक के इस्तेमाल से अयोध्या न केवल सतत विकास की ओर अग्रसर है, बल्कि स्मार्ट सिटी के रूप में भी विकसित हो रही है।
महापौर गुरुवार को भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में रायबरेली बाईपास स्थित कल्याण मंडपम में आयोजित ‘जन आवास के लिए नई निर्माण प्रौद्योगिकियां’ विषयक कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार और अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। महापौर ने कहा कि अयोध्या में निर्माण कार्यों से निकलने वाली वेस्टेज सामग्री से टाइल्स बनाने का प्रस्ताव भी लंबित है। इस दिशा में पहल होने से निर्माण अपशिष्ट के बेहतर उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि अभियंताओं को नवीन तकनीकों से निरंतर रूबरू होना चाहिए। निर्माण अथवा विकास की कोई भी परियोजना तैयार करते समय नई तकनीकों को विशेष रूप से शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने सड़क निर्माण में आधुनिक तकनीक के समावेश पर जोर देते हुए कहा कि भवन निर्माण के दौरान प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण का भी ध्यान रखना जरूरी है।
अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने कहा कि लगातार जमीन की उपलब्धता कम हो रही है और निर्माण लागत बढ़ रही है। ऐसे में बढ़ती आबादी की जरूरतों के अनुरूप मास हाउसिंग, बेहतर इकोसिस्टम, लागत में कमी और निर्मित भवनों व सड़कों की उम्र बढ़ाने की दिशा में काम करना आवश्यक है।
भारत सरकार के प्रतिनिधि पंकज गुप्त ने आबादी की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप तेजी से भवन निर्माण की तकनीकों और उनकी दक्षता की जानकारी अभियंताओं को दी। कार्यक्रम का संचालन अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने किया।
इस अवसर पर नगर निगम के मुख्य अभियंता पुनीत ओझा, भारत सरकार के प्रतिनिधि राधाकृष्ण, सहायक अभियंता दीपांकर सिंह, राजपति यादव सहित नगर निगम, विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने प्रशिक्षण में भाग लिया और नई निर्माण तकनीकों की जानकारी हासिल की।