पटाखा माफिया कादिर की जमानत पर बड़ा अपडेट | करोड़ों की ठगी के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट का सख्त रुख
पटाखा माफिया कादिर की जमानत याचिका पर सुनवाई, 12 मई को होगी अगली पेशी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। संगम नगरी के चर्चित पटाखा माफिया कादिर की जमानत याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फंसी कादिर की इस अर्जी पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए राज्य सरकार से जवाब तलब किया है।
शिकायतकर्ता ने दाखिल किया जवाब, सरकार को मिली मोहलत
सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता पक्ष के वकील मोहम्मद अमन खान ने अपना विस्तृत जवाब (Counter Affidavit) न्यायालय के समक्ष पेश किया। हालांकि, इस मामले में राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया था। सरकारी वकील की ओर से समय मांगे जाने पर हाईकोर्ट ने सरकार को एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया है।
12 मई को होगी अगली सुनवाई
न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि एक सप्ताह के भीतर सरकारी पक्ष को अपना जवाब दाखिल करना होगा। अब इस मामले की अगली सुनवाई 12 मई 2026 को निर्धारित की गई है। तब तक आरोपी कादिर को जेल में ही रहना होगा।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि आरोपी कादिर और उसके साथियों के खिलाफ प्रयागराज के शाहगंज पुलिस स्टेशन में गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज है। इन पर आरोप है कि इन्होंने लोगों को निवेश के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच दिया और उनसे करोड़ों रुपये की ठगी की। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी, जिसके बाद से आरोपी कादिर नैनी सेंट्रल जेल में बंद है।
जेल में रहते हुए कादिर ने अपनी रिहाई के लिए हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है, जिस पर कानूनी प्रक्रिया जारी है। क्षेत्र के सैकड़ों पीड़ित इस मामले में टकटकी लगाए बैठे हैं कि क्या उन्हें उनका डूबा हुआ पैसा वापस मिलेगा और दोषियों को सजा होगी।