28 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, पूर्वी यूपी में भारी बारिश के आसार

29 से 31 अक्टूबर तक कई इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का पूर्वानुमान; कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना, किसानों को सतर्क रहने की सलाह

28 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, पूर्वी यूपी में भारी बारिश के आसार

प्रयागराज, 25 अक्टूबर। भारत मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि

25, 26 और 27 अक्टूबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की बहुत संभावना है। 28 अक्टूबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने के आसार हैं। 29 से 31 अक्टूबर के मध्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर वर्षा तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि मौसम विभाग के जारी पूर्वानुमान में महीने के अंतिम दिनों में मौसम बदलने के संकेत हैं। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना अलग-अलग दिनों में बन रही है। ऐसे में किसानों को फसलों की कटाई, मड़ाई, भंडारण और कृषि कार्यों की योजना बनाते समय स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखनी चाहिए। बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों में खुले में रखी उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करना भी उपयोगी होगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की बहुत संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 29 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन और वज्रपात के साथ झोंकेदार हवा चलने की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 अक्टूबर को अनेक स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। इस दौरान झोंकेदार हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

30 और 31 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन और वज्रपात के साथ झोंकेदार हवा चलने की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इन दोनों दिनों में अनेक स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। यहां भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने तथा भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।-