फतेहपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने टेंट हाउस कर्मी को रौंदा, घर पहुंचने से पहले ही मौत ने दी दस्तक
फतेहपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने टेंट हाउस कर्मी को रौंदा, घर पहुंचने से पहले ही मौत ने दी दस्तक
फतेहपुर, 26 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार सुबह टेंट हाउस में काम करके मोटरसाइकिल से घर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन टक्कर मार कर भाग गया। टक्कर से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची जाफरगंज थाना पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
जाफरगंज थाना प्रभारी धनंजय सरोज ने बताया कि क्षेत्र के ललियापुर निवासी अरुण कुमार यादव (25) के परिजनों से पता चला है कि वह गाँव के ही एक टेंट हाउस में काम करता था। आज सुबह बुकिंग का कार्य निपटाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान जोनिहा अमौली मार्ग पर बम्हनपुर और केवाई गांव के बीच अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी लेकर पहुँचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव काे पाेस्टमार्टम भेज दिया है। परिजनाें की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।