प्रयागराज: नहर में मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका
प्रयागराज: नहर में मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका
प्रयागराज, 15 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में फूलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक किशोर का शव नहर में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबूगंज कन्नौजा खुर्द गांव निवासी हसनैन (15) पुत्र परवेज आलम मंगलवार को घर से अपने मामा के बेटे के साथ कहीं गया। लेकिन वह वापस घर नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला। इस संबंध में फूलपुर थाने में परिजनाें ने किशाेर के गायब होने की सूचना दी। पुलिस ने इस संबंध में गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। इस आज सुबह उसका शव घर से कुछ दूरी पर नहर में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस उपायुक्त का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी तरफ परिजनाें की ओर से बेटे की हत्या की आशंका जताई जा रही है।