मीरजापुर में शातिर असलहा तस्कर गिरफ्तार, तीन पिस्टल बरामद

मीरजापुर में शातिर असलहा तस्कर गिरफ्तार, तीन पिस्टल बरामद

मीरजापुर में शातिर असलहा तस्कर गिरफ्तार, तीन पिस्टल बरामद

मीरजापुर, 13 मई । मीरजापुर पुलिस को अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। कछवां थाना, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए एक शातिर असलहा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से तीन अवैध पिस्टल, मैगजीन, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में तथा सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर. जामकर के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम को यह सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने थाना कछवां क्षेत्र के ग्राम भैंसा स्थित लोकपति त्रिपाठी विद्यालय के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनकामेश्वर मिश्रा उर्फ प्रकाश मिश्रा पुत्र सुरेंद्र कुमार मिश्रा निवासी ग्राम ढोकरी, थाना फूलपुर, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से .32 बोर की तीन अवैध पिस्टल मैगजीन सहित बरामद की गईं।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एक संगठित गिरोह के माध्यम से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करता है। उसने खुलासा किया कि मध्य प्रदेश से सस्ते दामों पर हथियार खरीदकर आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर सप्लाई की जाती थी। आरोपी ट्रेन से प्रयागराज से कछवां पिस्टल बेचने आया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना कछवां के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान, एसओजी/सर्विलांस प्रभारी राजीव कुमार सिंह तथा उपनिरीक्षक साहिद यादव अपनी टीम के साथ शामिल रहे।