श्यामलाल पाल का दावा- स्नातक और शिक्षक MLC चुनाव में सपा जीतेगी सबसे ज्यादा सीटें

प्रयागराज में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षकों की उपेक्षा को लेकर साधा निशाना; डॉ. मानसिंह यादव के समर्थन में की अपील

श्यामलाल पाल का दावा- स्नातक और शिक्षक MLC चुनाव में सपा जीतेगी सबसे ज्यादा सीटें

प्रयागराज, 09 अक्टूबर । प्रदेश में हो रहे स्नातक और शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के चुनाव में सपा सर्वाधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल में सरकारी स्कूलों का बंद होना, बार-बार प्रश्नपत्र लीक होना, परीक्षाओं में धांधली, बेरोजगारी और वित्तविहीन शिक्षकों की उपेक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार घिरी हुई है। उक्त बातें शुक्रवार को प्रयागराज के जार्जटाउन स्थित सपा कार्यालय में मीडिया से वार्ता करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहीं।

उन्होंने कहा कि बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम ने जिस व्यवस्था और सरकार का सपना देखा था, उसे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी सामाजिक न्याय की स्थापना के संकल्प के साथ उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

डॉ. मानसिंह यादव को जिताने की अपील

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार डॉ. मानसिंह यादव को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि डॉ. मानसिंह यादव ने पिछले चुनाव में भाजपा के लंबे समय से काबिज एमएलसी को हराकर जीत हासिल की थी। इस बार जीत का अंतर बढ़ाकर सीट फिर से समाजवादी पार्टी के खाते में लानी है।

कांशीराम के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प

कार्यक्रम की शुरुआत मान्यवर कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। डॉ. मानसिंह यादव ने कांशीराम को महान चिंतक और बहुजन समाज का मसीहा बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार के प्रति जनता का भरोसा कम हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छल, धन और बल के सहारे चुनाव लड़ रही है, जबकि समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों, नीतियों और भावी योजनाओं के आधार पर जनता के बीच जा रही है।

सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव और महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने भी कांशीराम को बहुजन समाज का नायक बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने बताया कि कार्यक्रम में विधायक विजमा यादव, हाकिम लाल बिंद, संदीप पटेल और गीता शास्त्री, पूर्व विधायक हाजी मुजतबा सिद्दीकी, सत्यवीर मुन्ना, अमरनाथ मौर्य, डॉ. एसपी सिंह पटेल, दान बहादुर मधुर, शांति प्रकाश पटेल, रविंद्र यादव, इंजीनियर जगदीश यादव, रमाकांत पटेल, महेंद्र निषाद, संगम लाल, लालचंद्र, नाटे चौधरी, डॉ. पूजा मिश्रा, तारिक सईद अज्जू, डॉ. राजेश, जयशंकर भारती, गीता भारती, कृष्णमूर्ति सिंह, महबूब उस्मानी, राजू पासी, मुलायम यादव, राम अवध पाल, सचिन श्रीवास्तव, सुरेश कुमार, प्रखर यादव, महेंद्र सरोज, कुलदीप यादव, आरएन यादव, संतलाल वर्मा, दिलीप सोनी, अरविंद केसरवानी, संदीप विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।