उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय अस्पताल में पोषण जागरूकता के 24 कार्यक्रम, बच्चों की सेहत पर विशेष जोर

राष्ट्रीय पोषण माह के तहत प्रयागराज समेत विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में चला अभियान, रेलकर्मियों और उनके परिवारों को संतुलित आहार व स्वस्थ जीवनशैली की दी जानकारी

उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय अस्पताल में पोषण जागरूकता के 24 कार्यक्रम, बच्चों की सेहत पर विशेष जोर

प्रयागराज, 09 अक्टूबर। उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज में राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत नौ सितंबर से आठ अक्टूबर तक पोषण जागरूकता अभियान चलाया गया। एक माह तक चले इस अभियान में रेलकर्मियों, बच्चों और उनके परिवारों को संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और बीमारियों चाव के लिए नियमित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर कुल 24 कार्यक्रम आयोजित किए गए।

केंद्रीय चिकित्सालय के साथ मिर्जापुर, सूबेदारगंज और नैनी स्थित स्वास्थ्य इकाइयों, कोर प्रयागराज, प्रयागराज स्टेशन, गार्ड लॉबी तथा बाल वाटिका विद्यालय में भी कार्यक्रम हुए। इनके माध्यम से लोगों को पौष्टिक भोजन अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और बेहतर जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।

बच्चों के पोषण और शारीरिक विकास पर विशेष जोर

अभियान के दौरान बच्चों की शारीरिक वृद्धि की नियमित निगरानी और पोषण संबंधी परामर्श पर विशेष ध्यान दिया गया। बच्चों की वृद्धि और पोषण की स्थिति का आकलन किया गया। इसके साथ ही बॉडी कंपोजिशन एनालिसिस (बीसीए) के माध्यम से शरीर से जुड़े महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानकों की जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य बच्चों और उनके अभिभावकों को स्वस्थ शारीरिक विकास के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रमों में समय रहते स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की पहचान, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच की उपयोगिता बताई गई। अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि उचित पोषण और स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।

चिकित्सकों और आहार विशेषज्ञों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

यह अभियान प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. गोपा मजूमदार, चिकित्सा निदेशक डॉ. राकेश निगम और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र नाथ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अपर मुख्य स्वास्थ्य निदेशक डॉ. कल्पना मिश्रा और सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रीना अग्रवाल ने अभियान के संचालन में सहयोग दिया। वरिष्ठ आहार विशेषज्ञ अर्पणा सक्सेना ने कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित करने और गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने परिवार नियोजन विभाग और चिकित्सकों की टीम के साथ मिलकर अभियान को आगे बढ़ाया।

स्वस्थ रेल परिवार के निर्माण की दिशा में पहल

प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलकर्मियों और उनके परिवारों को पोषण के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली बेहतर स्वास्थ्य की आधारशिला हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लोगों को अपनी सेहत के प्रति जिम्मेदार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उत्तर मध्य रेलवे भविष्य में भी रेलकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए ऐसी पहलों को प्रोत्साहित करता रहेगा।