मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन शुरू
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन शुरू
प्रयागराज, 13 मई । मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं में प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह कोचिंग के.पी.इंटर कालेज में संचालित की जाएगी। जहां यूपीएससी, यूपीपीएससी, जेईई, नीट, एसएससी एवं यूपीएसएसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। यह जानकारी बुधवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी रामशंकर पटेल ने दी।
उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र 13 मई 2026 से 10 जून 2026 तक कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, विकास भवन, प्रयागराज के कक्ष संख्या-78 में प्रत्येक कार्य दिवस पर पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक जमा किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र के साथ आवश्यक शैक्षिक अभिलेख एवं अन्य वांछित दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रति संलग्न करनी होगी।
यूपीएससी एवं यूपीपीएससी के लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक की मार्कशीट, नीट एवं एसएससी के लिए हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के प्रमाण पत्र आवश्यक होंगे। इसके अतिरिक्त आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की प्रतियां भी जमा करनी होंगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष संख्या 06392485722 एवं 08687855131 पर संपर्क कर सकते हैं।