रुदौली में तीन माह के भीतर लगेगी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा : रामचंद्र यादव
रुदौली में तीन माह के भीतर लगेगी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा : रामचंद्र यादव
अयोध्या, 30 मई लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को नगर पंचायत मां कामाख्या धाम स्थित मंगलम गेस्ट हाउस में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव मुख्य अतिथि तथा नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान पाल समाज के लोगों ने अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
अपने संबोधन में विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर न्याय, सुशासन और नारी सशक्तिकरण की प्रतीक थीं। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक सुधार के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। विधायक ने घोषणा की कि रुदौली में तीन माह के भीतर अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी तथा उनके नाम पर एक स्मृति द्वार का निर्माण भी कराया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला ने लोकमाता के जीवन एवं योगदान को प्रेरणादायी बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।