AAP 27 सितंबर से शुरू करेगी विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, 2027 चुनाव की तैयारी तेज; संजय सिंह ने बताया प्लान

लखनऊ में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद संजय सिंह ने तीन बड़े प्रदेशव्यापी अभियानों का ऐलान किया; अक्टूबर से बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार समेत मुद्दों पर जन-यात्रा निकालने की तैयारी।

AAP 27 सितंबर से शुरू करेगी विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, 2027 चुनाव की तैयारी तेज; संजय सिंह ने बताया प्लान

लखनऊ, 09 सितंबर आम आदमी पार्टी (आआपा)के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में बुधवार को राजधानी लखनऊ में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को आक्रामक ढंग से उठाने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक के बाद सांसद संजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि पार्टी आगामी दिनों में तीन बड़े प्रदेशव्यापी कार्यक्रम करेगी। उन्होंने बताया कि सितंबर के अंतिम सप्ताह से आम आदमी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों की शुरुआत करने जा रही है।

सांसद संजय सिंह ने बताया कि पार्टी के पहले बड़े अभियान के तहत 27 सितंबर को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी ज़िलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दिन सभी ज़िला मुख्यालयों पर विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा और साथ ही बड़े पैमाने पर ब्लड डोनेशन (रक्तदान) शिविर लगाए जाएंगे, ताकि युवाओं को भगत सिंह जी के विचारों से जोड़ने के साथ-साथ समाज सेवा का संदेश दिया जा सके।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह से आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में एक विशाल जन-यात्रा निकालेगी। यह यात्रा बेरोज़गारी, भाजपा की नफ़रत की राजनीति, प्रभु श्री राम के मंदिर में चंदा चोरी, कमरतोड़ महंगाई और सामाजिक अन्याय के ख़िलाफ़ होगी।

संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को विकास के मुद्दे के मामले में घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों के टूटने, धंसने के मामले में कमीशन कमाने का खेल चल रहा है। 06 साल पहले मैंने जल जीवन मिशन में महाघोटाले का खुलासा किया था, आज उसी का नतीजा है कि बरेली में साढ़े तीन करोड़ की लागत से बनी पानी की टंकी बह गई। भाजपा ने न स्कूल छोड़ा, न अस्पताल, न सड़क, न बिजली, न पानी और प्रभु श्री राम का मंदिर, राम पथ और अयोध्या के श्मशान तक के रास्ते में भी भ्रष्टाचार कर डाला। प्रदेश में बेरोज़गारी और युवाओं का दमन किया जा रहा है।

सांसद संजय सिंह ने कहा कि प्रयागराज में डीएलएड प्रशिक्षित युवा भीषण आंदोलन कर रहे हैं। बेसिक शिक्षा में 02 लाख से अधिक पद खाली हैं, लेकिन सरकार भर्ती करने के बजाय स्कूल बंद कर रही है क्योंकि भाजपा का असली नारा है 'अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया'।

संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की कितनी और कैसी हिस्सेदारी होगी, इस पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और केंद्रीय नेतृत्व के साथ विस्तार से चर्चा की जाएगी। पार्टी आलाकमान तय करेगा कि हमें कितनी सीटों पर और किस रणनीति के तहत मजबूती से लड़ना है।

इस मौके पर दिल्ली के पूर्व विधायक व उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी दिलीप पांडेय, सह प्रभारी विशेष रवि और विधायक दिल्ली सुरेंद्र चौधरी मौजूद रहे। इसके अलावा निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, महासचिव दिनेश सिंह पटेल, सभी प्रांतों के प्रांत प्रभारी, प्रांत अध्यक्ष, प्रदेश के सभी प्रकोष्ठ अध्यक्ष, प्रदेश प्रकोष्ठों के महासचिव, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष मौजूद रहे। इस दौरान चुनाव लड़ चुके पूर्व प्रत्याशी भी उपस्थित रहे।