महर्षि वाल्मीकि जयंती पर 25-26 अक्टूबर को भव्य आयोजन, संदीप चौहान बने जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष
अखिल भारतीय श्री वाल्मीकि नवयुवक संघ की बैठक में आयोजन की तैयारियों पर मंथन; शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत कई आयोजन होंगे।
प्रयागराज, 09 सितंबर । महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर 25 और 26 अक्टूबर को आयोजित होने वाले जन्मोत्सव कार्यक्रम को इस बार भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए बुधवार काे अखिल भारतीय श्री वाल्मीकि नवयुवक संघ की बैठक में सर्वसम्मति से संदीप चौहान को वाल्मीकि जयंती जन्मोत्सव समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
ऋषिकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित बैठक में आगामी वाल्मीकि जयंती समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष चुने जाने पर समिति के सदस्यों और समाज के लोगों ने संदीप चौहान को बधाई दी।
संदीप चौहान ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के आयोजन को भव्य एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए सभी के सहयोग से तैयारियां की जाएंगी।
उन्होंने समाज के लोगों से बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। समिति की ओर से 25 और 26 अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अन्य आयोजन प्रमुख रूप से शामिल होंगे। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं और आयोजन को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।