उमेश पाल हत्याकांड की सुनवाई में भावुक हुईं जया पाल, बोलीं- ‘पति की तरह मेरी भी हो सकती है हत्या’
जया पाल ने सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियों का आरोप लगाया, कोर्ट में सुरक्षा बढ़ाने की अर्जी; पुलिस कमिश्नर को तत्काल सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
प्रयागराज, 08 सितंबर । उमेश पाल हत्याकांड की सुनवाई के दौरान मंगलवार को उनकी पत्नी जया पाल एससी/एसटी कोर्ट पहुंचीं और अपना बयान दर्ज कराया। अदालत से बाहर निकलने के बाद वह भावुक हो गईं। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि उन्हें सामाजिक माध्यमों पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। धमकी में उन्हें विस्फोटक से उड़ाने की बात कही गई है।
जया पाल ने आरोप लगाया कि अतीक अहमद गिरोह से जुड़े कुछ लोग अब भी सक्रिय हैं और उनकी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने फरार आरोपितों गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान की गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाए। जया पाल अपने साथ धमकी से संबंधित सोशल मीडिया के माध्यमों पर प्रसारित पोस्ट के चित्र भी लेकर पहुंची थीं।
उन्होंने कहा कि उन्हें वर्ष 2023 में अपने पति उमेश पाल की हत्या का दृश्य बार-बार याद आ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि जिस तरह उमेश पाल की हत्या की गई, उसी तरह उनकी भी हत्या हो सकती है। जया पाल ने परिवार को लगातार परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
जया पाल ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया और निगरानी से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए। अदालत ने पुलिस आयुक्त को उनकी सुरक्षा तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद जया पाल ने पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया से मुलाकात कर धमकी देने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
मंगलवार को जया पाल के न्यायालय पहुंचने के कारण परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वह कई अधिवक्ताओं और समर्थकों के साथ अदालत पहुंचीं।
पुलिस का पक्ष
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि जया पाल की ओर से सुरक्षा संबंधी शिकायत दी गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उनकी सुरक्षा की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।