दधिकांदो मेलों पर पुलिस की कड़ी नजर, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी; चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा पुलिस बल

प्रयागराज नगर जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में होने वाले दधिकांदो मेलों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात की विशेष व्यवस्था की है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी।

दधिकांदो मेलों पर पुलिस की कड़ी नजर, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी; चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा पुलिस बल

प्रयागराज, 11 सितंबर । विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज के नगर जोन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित होने वाले दधिकांदो मेलों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रयागराज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। मेलों में आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल की तैनाती के साथ ही यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने शुक्रवार को बताया कि दधिकांदो मेला वाले सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मेला क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा, भीड़ को व्यवस्थित रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मेला समितियों और आयोजकों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी के साथ सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी नगर ने लोगों से अपील की कि वे मेले का शांतिपूर्ण माहौल में आनंद लें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दधिकांदो मेलों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है।