मीरजापुर में बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, क्रिकेट खेलकर लौट रहा था घर
मीरजापुर में बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, क्रिकेट खेलकर लौट रहा था घर
मीरजापुर, 23 नवंबर मड़िहान थाना क्षेत्र के कलवारी-लालगंज मार्ग पर सोमवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक क्रिकेट खेलकर घर लौट रहा था। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
राजगढ़ थाना क्षेत्र के धौरहा गांव निवासी रोशन पुत्र चंदन सोमवार दोपहर बाइक से कलवारी स्थित ओम साईं जनता जनार्दन स्कूल के मैदान में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने गया था। शाम करीब सवा पांच बजे वह घर लौट रहा था। रास्ते में पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही कलवारी-लालगंज मार्ग पर पहुंचा तभी लालगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से रोशन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों और ग्रामीणों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक बोलेरो छोड़कर भाग निकला।
रोशन दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां मीना देवी और पिता चंदन का रो-रोकर बेहाल हैं। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।
मड़िहान थानाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।