भारत गौरव ट्रेन से दक्षिण भारत और 4 ज्योतिर्लिंग यात्रा का सुनहरा अवसर, आईआरसीटीसी ने शुरू की बुकिंग

भारत गौरव ट्रेन से दक्षिण भारत और 4 ज्योतिर्लिंग यात्रा का सुनहरा अवसर, आईआरसीटीसी ने शुरू की बुकिंग

भारत गौरव ट्रेन से दक्षिण भारत और 4 ज्योतिर्लिंग यात्रा का सुनहरा अवसर, आईआरसीटीसी ने शुरू की बुकिंग

प्रयागराज, 11 जुलाई । इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) उत्तर क्षेत्र, लखनऊ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से दो विशेष धार्मिक पर्यटन पैकेज शुरू किए हैं। यह जानकारी शनिवार को मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने दी।

उन्होंने बताया कि यात्रियों को किफायती दरों पर रेल यात्रा, ठहरने, भोजन और स्थानीय भ्रमण जैसी सभी सुविधाएं एक ही पैकेज में उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पहला पैकेज 31 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक 11 रात और 12 दिन का है, जिसमें श्रद्धालु तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मदुरै के मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकेंगे। यह भारत गौरव ट्रेन गोरखपुर से संचालित होगी और मार्ग में मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर सहित विभिन्न स्टेशनों से यात्री सवार हो सकेंगे।

दूसरा विशेष पैकेज 17 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक 9 रात और 10 दिन का है। इस यात्रा में श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारकाधीश, भेंट द्वारिका, सिग्नेचर ब्रिज तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन का अवसर मिलेगा।

आईआरसीटीसी के अनुसार दोनों पैकेजों में 2 एसी, 3 एसी और स्लीपर श्रेणी में यात्रा, शाकाहारी नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि भोजन तथा एसी/नॉन एसी बसों से स्थानीय भ्रमण की सुविधा शामिल है। दक्षिण भारत यात्रा के लिए स्लीपर श्रेणी का किराया 23,560 रुपये, 3 एसी का 39,100 रुपये और 2 एसी का 51,760 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। वहीं 4 ज्योतिर्लिंग एवं स्टैच्यू ऑफ यूनिटी यात्रा के लिए स्लीपर श्रेणी का पैकेज 18,380 रुपये, 3 एसी का 29,570 रुपये तथा 2 एसी का 38,870 रुपये प्रति व्यक्ति है।

मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए एलटीसी और ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक यात्री गोमती नगर स्थित आईआरसीटीसी पर्यटन भवन कार्यालय से अथवा आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए आईआरसीटीसी के हेल्पलाइन मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।