जलभराव प्रभावितों की मदद में जुटें भाजपा कार्यकर्ता, संजय गुप्ता बोले- जरूरतमंदों तक तत्काल पहुंचाएं राहत

जलभराव प्रभावितों की मदद में जुटें भाजपा कार्यकर्ता, संजय गुप्ता बोले- जरूरतमंदों तक तत्काल पहुंचाएं राहत

जलभराव प्रभावितों की मदद में जुटें भाजपा कार्यकर्ता, संजय गुप्ता बोले- जरूरतमंदों तक तत्काल पहुंचाएं राहत

प्रयागराज, 20 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने का आह्वान किया है। उनके निर्देश पर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर के जलभराव वाले इलाकों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं जान रहे हैं और उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध करा रहे हैं।

महानगर अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे स्थिति पर लगातार नजर रखें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पहुंचें।

बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख मोहल्लों और क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए भाजपा महानगर के कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों की मदद में जुटे हैं। बुधवार और गुरुवार को महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय और जिला मंत्री अजय सिंह ने स्थानीय पार्षद आशीष द्विवेदी के साथ टैगोर टाउन और जार्ज टाउन के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जल निकासी की व्यवस्था का जायजा लेने के साथ पानी निकालने के प्रयासों की जानकारी भी ली गई। प्रभावित परिवारों को भोजन के पैकेट भी वितरित किए गए। कार्यकर्ताओं ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता स्वास्थ्य कारणों से शहर से बाहर हैं, इसके बावजूद वह लगातार संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं। वह फोन के माध्यम से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं और कार्यकर्ताओं को जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा भाव के साथ प्रभावित लोगों के बीच रहें। जहां भी किसी परिवार को सहायता की आवश्यकता हो, वहां कार्यकर्ता बिना देरी किए पहुंचें। जलभराव की स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत के अनुसार भोजन सहित अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

---------------