अनुकंपा नियुक्ति की मांग करने पहुंची विधवा का आरोप, बिजनौर BSA ने की अभद्रता; डीएम से शिकायत
बबीता रानी ने साढ़े चार साल से नियुक्ति न मिलने पर उठाए सवाल, बेसिक शिक्षा परिषद के पत्र का दिया हवाला; बीएसए ने आरोप नकारते हुए कहा- शिक्षक पद की अर्हता नहीं होने पर चपरासी पद की पेशकश की गई थी
बिजनौर, 09 अक्टूबर । बिजनौर जिले में अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पहुंची एक विधवा महिला ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) पर अभद्र व्यवहार करने और धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़ित बबीता रानी ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
नहटौर क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर निवासी बबीता रानी के पति महेश कुमार की मृत्यु के बाद से वह अनुकंपा के आधार पर प्राथमिक शिक्षक के पद पर नियुक्ति पाने के लिए प्रयास कर रही हैं। आरोप है कि करीब साढ़े चार साल बीतने के बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं मिल सकी है।
पीड़ित के मुताबिक, उनके पास एमए, बीएड और सीटीईटी की योग्यता है। उन्होंने एनआईओएस से 18 माह का डीएलएड प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। समाचार में दिए गए विवरण के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के रिट पिटीशन संख्या 4961/2024 तथा एनसीटीई के निर्देशों का हवाला देते हुए उनकी नियुक्ति का मामला उठाया गया है।
बताया गया है कि बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने 23 सितंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से संबंधित नियमों के तहत बबीता रानी को एक सप्ताह के भीतर सहायक अध्यापक पद पर नियुक्त कर आख्या भेजने के निर्देश बीएसए बिजनौर को दिए थे। इसके बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं होने से पीड़िता ने 8 अक्टूबर को जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की।
घटना को लेकर प्रशासनिक कार्यशाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि जब नियुक्ति के संबंध में उच्च स्तर से निर्देश जारी किए गए हैं तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई मामले में डीएम ने निष्पक्ष जांच करने तथा अभद्रता के लिए जिम्मेदारी तय करने और नियुक्ति संबंधी निर्देशों के अनुपालन की मांग की गई है। अब देखना है कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है | बीएसए ने बताया कि बबीता रानी को शिक्षक की अर्हता नही होने के कारण पियोन के पद पर नियुक्ति दी गई है जिसे उनके द्वारा नही स्वीकार किया गया है अब जिलाधिकारी जांच करा रहें, अभद्रता के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने इस आरोप को गलत बताया |-------------------