पत्रकारिता में करियर बनाने के लिए इंटर्नशिप जरूरी, डिजिटल युग में AI और फील्ड रिपोर्टिंग पर जोर

अवध विश्वविद्यालय में कार्यशाला के दौरान डॉ. शालिनी अग्रवाल ने विद्यार्थियों को दिए सुझाव, कहा- मल्टीटास्किंग और नई तकनीकों का ज्ञान बढ़ाएगा आगे बढ़ने के अवसर

पत्रकारिता में करियर बनाने के लिए इंटर्नशिप जरूरी, डिजिटल युग में AI और फील्ड रिपोर्टिंग पर जोर

अयोध्या, 10 अक्टूबर । डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में शनिवार को “मीडिया में अनिवार्य इंटर्नशिप की भूमिका एवं प्रभावशीलता” विषय पर कार्यशाला के आयोजन

में रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन की कंटेंट हेड डॉ. शालिनी अग्रवाल ने पत्रकारिता के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में केवल लिखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मल्टीटास्किंग और ऑन-फील्ड रिपोर्टिंग की बारीकियों को समझना भी जरूरी है। इन व्यावहारिक कौशलों को विकसित करने में इंटर्नशिप की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डेटा जर्नलिज्म और सोशल मीडिया के दौर में विद्यार्थियों को प्रतिदिन स्वयं को अपडेट रखना होगा। इंटर्नशिप इस दिशा में सीखने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने का बेहतर अवसर प्रदान करती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रिंट से लेकर डिजिटल मीडिया तक के बदलते परिदृश्य में वही आगे बढ़ेगा, जो नई तकनीकों को तेजी से सीखेगा। विद्यार्थियों को इंटर्नशिप को नए टूल्स सीखने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने की प्रयोगशाला के रूप में देखना चाहिए।

कार्यक्रम में जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के समन्वयक प्रो. अनूप कुमार ने कहा कि सैद्धांतिक कक्षाएं पत्रकारिता के नियमों और सिद्धांतों की जानकारी देती हैं, जबकि फील्ड इंटर्नशिप वास्तविक परिस्थितियों में पत्रकारिता करने का अनुभव प्रदान करती है। इंटर्नशिप केवल पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं है, बल्कि मीडिया इंडस्ट्री के अनुभवी पेशेवरों से जुड़ने और उनके अनुभवों से सीखने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।

विभाग के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. विजयेन्दु चतुर्वेदी ने कहा कि इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थी जितने अधिक समर्पित और अनुशासित रहेंगे, मुख्यधारा की पत्रकारिता में उनके रोजगार की संभावनाएं उतनी ही मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच है। इस दौरान तैयार की गई एक अच्छी स्टोरी भी उनके भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।