संविधान के आदर्शों को आचरण और कार्यप्रणाली में उतारना जरूरी: भगवती सिंह
संविधान के आदर्शों को आचरण और कार्यप्रणाली में उतारना जरूरी: भगवती सिंह
प्रयागराज, 26 नवंबर । माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित मुख्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के सचिव भगवती सिंह ने की। इस दौरान परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
इस अवसर पर सचिव भगवती सिंह ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान के आदर्शों को केवल याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने आचरण और कार्यप्रणाली में आत्मसात करना भी आवश्यक है। इन मूल्यों को व्यवहार में उतारकर ही एक बेहतर और जिम्मेदार प्रशासनिक व्यवस्था का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तरदायी प्रशासनिक व्यवस्था के निर्माण में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करना ही संवैधानिक मूल्यों के प्रति हमारी वास्तविक प्रतिबद्धता है। प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्यों में इन मूल्यों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज के अपर सचिव कमलेश कुमार, क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ के अपर सचिव ज्योति प्रसाद, अपर सचिव (प्रशासन) सत्येंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी, उप सचिव (प्रशासन), परिषद के समस्त उप सचिव, सहायक सचिव, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।