काशी तमिल संगमम् 5.0: बीएचयू में तैयारियां तेज, 1750 प्रतिनिधियों के लिए होंगे विशेष शैक्षणिक सत्र

28 नवंबर से 12 दिसंबर तक चलेगा आयोजन, सात समूहों में तमिलनाडु से आएंगे प्रतिनिधि; वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के 3,000 विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से जोड़ने की पहल

काशी तमिल संगमम् 5.0: बीएचयू में तैयारियां तेज, 1750 प्रतिनिधियों के लिए होंगे विशेष शैक्षणिक सत्र

वाराणसी, 26 नवंबर। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला काशी तमिल संगमम् (केटीएस) का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। इसके लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस वर्ष आयोजन की थीम 'तिरुक्कुरल पयिलवोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है, जिसके तहत तमिल के शास्त्रीय ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।

यह जानकारी गुरुवार को बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को दी।

सात समूहों में आएंगे 1750 प्रतिनिधि

कुलपति ने बताया कि बीएचयू काशी तमिल संगमम् का प्रमुख शैक्षणिक साझेदार है। आईआईटी (बीएचयू) और अन्य सहयोगी संस्थानों के साथ मिलकर विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगमम् के तहत तमिलनाडु से सात समूहों में कुल 1750 प्रतिनिधि काशी आएंगे। प्रत्येक समूह में 250 सदस्य होंगे। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडियाकर्मी, कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग, पेशेवर, कलाकार, महिला प्रतिनिधि, शास्त्रीय गायक और आध्यात्मिक शिक्षक शामिल होंगे। इनके लिए उनकी रुचि एवं विशेषज्ञता के अनुरूप विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। ये सत्र 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक विश्वविद्यालय के विभिन्न स्थलों पर होंगे।

काशी-तमिलनाडु के ज्ञान और संस्कृति का होगा आदान-प्रदान

प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि काशी तमिल संगमम् दोनों क्षेत्रों के बीच विचारों, परंपराओं और दर्शन के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम है। काशी प्राचीन काल से ही विद्या की प्रमुख नगरी रही है और बीएचयू इस ज्ञान-विनिमय को समृद्ध करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिभागियों के स्वागत और उनके अनुभव को यादगार बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि यह आयोजन भारत की समृद्ध सभ्यतागत विरासत, साहित्य, ज्ञान परंपराओं और दार्शनिक योगदानों को समझने का महत्वपूर्ण मंच है। आईआईटी मद्रास, बीएचयू और अन्य संस्थानों के साथ इस पहल में सहभागी होना संस्थान के लिए गौरव की बात है।

सांस्कृतिक गतिविधियों में दिखेगी युवाओं की प्रतिभा

संगमम् के नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव और समन्वयक डॉ. उमेश सिंह ने बताया कि आयोजन के दौरान युवाओं की रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच देने के लिए कई गतिविधियां होंगी। इनमें संध्या भजन, नुक्कड़ नाटक, लोक एवं शास्त्रीय संगीत, रंगोली, पोस्टर डिजाइन, आर्ट इंस्टॉलेशन, मेहंदी, फोटोग्राफी, कैलीग्राफी और डिजिटल आर्ट शामिल हैं।

इसके अलावा 'रन फॉर काशी तमिल संगमम् 5.0', केटीएस यूथ क्विज और कैंपस कल्चरल फ्लैश जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए 1500 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। 27 नवंबर को होने वाली रन फॉर केटीएस में युवा काशी और तमिलनाडु की एकता का संदेश देंगे।

तीन शहरों में 3000 विद्यार्थियों तक पहुंचेगा तिरुक्कुरल का ज्ञान

इस वर्ष की थीम के अनुरूप तमिलनाडु से हिंदी के जानकार 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे। वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षकों की तैनाती होगी। इस पहल से करीब 3000 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।

उल्लेखनीय है कि तिरुवल्लुवर रचित तिरुक्कुरल में जीवन के तीन प्रमुख पक्षों—अराम (सद्गुण), पोरुल (धन) और इनबम (प्रेम)—का वर्णन है। इस शैक्षणिक पहल का समन्वय बीएचयू कर रहा है। इसमें कला संकाय के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन सहयोग कर रहे हैं।

काशी तमिल संगमम् 5.0 का उद्देश्य 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करते हुए काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, शैक्षणिक और आध्यात्मिक संबंधों को और प्रगाढ़ करना है।