अयोध्या कृषि विश्वविद्यालय में 100 एकड़ में लगेगा सोलर प्लांट, हर साल 7 करोड़ रुपये की होगी बचत

52वें स्थापना दिवस पर कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने साझा की योजना; 40 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 कर्मचारी सम्मानित

अयोध्या कृषि विश्वविद्यालय में 100 एकड़ में लगेगा सोलर प्लांट, हर साल 7 करोड़ रुपये की होगी बचत

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय 52वां स्थापना दिवस शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने स्थापना दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को शिक्षा, अनुसंधान और कृषि तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। विद्यार्थियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय के संसाधनों का व्यावसायिक उपयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने पर कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की 100 एकड़ भूमि पर सोलर प्लांट स्थापित करने की योजना है। इससे करीब 40 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा और विश्वविद्यालय को प्रतिवर्ष लगभग सात करोड़ रुपये के बिजली बिल की बचत होगी। इस धनराशि का उपयोग शिक्षा एवं अनुसंधान कार्यों को बेहतर बनाने में किया जा सकेगा।

कुलपति ने शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों से विश्वविद्यालय में अनुशासन बनाए रखने तथा गुरुकुल जैसी शैक्षणिक परंपरा और वातावरण में पठन-पाठन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से विश्वविद्यालय को प्रगति के नए आयाम तक पहुंचाया जा सकता है। कुलसचिव डॉ. पी. एस. प्रमाणिक ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. भगवान दीन ने विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपतियों के योगदान को याद किया। उन्होंने प्रदेश में कृषि एवं उद्यान से संबंधित तीन नए विश्वविद्यालयों की शुरुआत की जानकारी भी दी। इनमें महर्षि महेश योगी अंतरराष्ट्रीय कृषि विश्वविद्यालय, उद्यान विश्वविद्यालय तथा उद्यान एवं वानिकी विश्वविद्यालय शामिल हैं। कार्यक्रम के आयोजक सचिव एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डी. नियोगी ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया।