भाजपा नकारात्मक सोच और दरारवादी दल है: अखिलेश यादव
भाजपा नकारात्मक सोच और दरारवादी दल है: अखिलेश यादव
लखनऊ, 31 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में आचार्य नरेंद्र देव की 137वीं जयंती पर गोमती नदी तट स्थित उनकी समाधि स्थल पर पहुंचे और उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव उच्च कोटि के शिक्षक रहे, समाजवादी आंदोलन को एक नए रूप में आगे बढ़ाया। उनका मानना था कि शांतिपूर्ण क्रांति ही समाज को दिशा दिला सकती है।
अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नकारात्मक सोच का दल है, दरार वादियों का एक गुट है, वह पॉलीटिकल पार्टी नहीं है। उन्होंने एमएलसी चुनाव नतीजों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि बहुत देर कर दी मेहरबां आते-आते। उत्तर प्रदेश की जनता ने इस बार मन बना लिया है कि भारतीय जनता पार्टी का सफाया हो। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में हमारे कार्यकर्ता एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए तैयार है। ये लोग यूपी से हटेंगे तो देश से हटेंगे।
सपा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि पिछले 10 साल में प्रदेश में बीजेपी की सरकार में 500 से ज्यादा प्राइवेट नर्सिंग होम या अस्पताल रजिस्टर हुए हैं। ये जानबूझकर सरकारी अस्पतालों का इलाज खत्म कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा महिलाओं के साथ अन्याय उत्तर प्रदेश में क्यों हो रहा है, सबसे ज्यादा हत्याएं क्यों हो रही हैं, दलित समाज के लोग सबसे ज्यादा क्यों पीड़ित हैं।