विंध्यवासिनी कुमार का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा एवं संगठन के प्रति रहा समर्पित: गणेश केसरवानी

विंध्यवासिनी कुमार का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा एवं संगठन के प्रति रहा समर्पित: गणेश केसरवानी

विंध्यवासिनी कुमार का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा एवं संगठन के प्रति रहा समर्पित: गणेश केसरवानी

प्रयागराज, 13 फ़रवरी । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, उत्तर प्रदेश के पूर्व महामंत्री एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य स्वर्गीय विंध्यवासिनी कुमार के निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर व्याप्त है। उनके देहांत के पश्चात प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में महापौर गणेश केसरवानी ने भाजपा कार्यकर्ता संघ के साथ पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

महापौर गणेश केसरवानी ने स्वर्गीय विंध्यवासिनी कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन संगठन, राष्ट्रसेवा और कार्यकर्ता निर्माण को समर्पित रहा। वे एक सशक्त संगठनकर्ता, अनुशासित नेता और कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनके विचार, मूल्य और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

श्रद्धांजलि देते हुए भाजपा कार्यकर्ता संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी दिवंगत नेता को नमन किया। उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि विंध्यवासिनी कुमार ने पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई और कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।

रसूलाबाद घाट पर शोकाकुल वातावरण में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद रही। सभी ने एक स्वर में उनके योगदान को याद करते हुए संकल्प लिया कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर संगठन को और सशक्त बनाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन “ॐ शांति” के उद्गार के साथ किया गया।