उप्र पुलिस भर्ती परीक्षा : पहले दिन 25 फीसदी ने छोड़ी परीक्षा, दो गिरफ्तार
उप्र पुलिस भर्ती परीक्षा : पहले दिन 25 फीसदी ने छोड़ी परीक्षा, दो गिरफ्तार
लखनऊ, 08 जून। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी (सिपाही) नागरिक पुलिस सीधी भर्ती -2025 की लिखित परीक्षा के पहले दिन की दोनों पालियों की परीक्षा सम्पन्न हुई। पहले दिन की दोनों पालियों में 75.15 फीसद अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि लगभग 25 फीसद अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वही, सोशल मीडिया पर पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों और नकल करने के आरोप में कई स्थानों पर एफआईआर दर्ज की गईं और कुछ संदिग्ध अभ्यर्थियों को गिरफ्तार भी किया गया। एक अभ्यर्थी के पास से मोबाइल मिलने के मामले में पांच सिपाही के निलंबन की कार्रवाई की गई है।
उत्तर प्रदेश की पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि प्रथम दिन की लिखित परीक्षा सभी 75 जनपदों के 1183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से हुई। दोनों पालियों में कुल 9,62,832 अभ्यर्थी परीक्षा देने बुलाए गए थे जिनमें से लगभग 7,23,540 (75.15 प्रतिशत) अभ्यर्थी परीक्षा देने आए थे।
पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी हुई
बोर्ड की ओर से ये भी बताया गया कि अब तक पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ये एफआईआर सोशल मीडिया प्लेटफार्म, परीक्षा केंद्रों पर आपराधिक गतिविधियों अंजाम देने वाले परीक्षार्थियों अराजक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि हापुड़ जिले के पिलखुआ क्षेत्र में सर्वोदय इंटर कॉलेज के परीक्षा केंद्र में आए अमरोहा निवासी अभ्यर्थी सचिन के पास मोबाइल मिला। इस मामले थाना पिलखुआ में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि लापरवाही बरतने के मामले पांच सिपाहियों को निलंबित करने की भी बात सामने आ रही है। गोरखपुर के परीक्षा केंद्र नीना थापा इंटर कालेज में बिहार के परीक्षार्थी राम प्रकाश कुमार को परीक्षा कक्ष में मोबाइल का इस्तेमाल करने पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। आजमगढ़ में इंस्टाग्राम यूजर आशुतोष कुमार मौर्य के विरुद्ध थाना बिलरियागंज में प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले लखनऊ के थाना हुसैनगंज में शनिवार को टेलीग्राम चैनल यूपीपी एग्जाम पेपर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।