भविष्य के अच्छे शिक्षक हैं छात्राध्यापक: राजेन्द्र प्रताप

नवनियुक्त पीएनपी सचिव का छात्राध्यापकों ने डायट में किया स्वागत, अभिनंदन

भविष्य के अच्छे शिक्षक हैं छात्राध्यापक: राजेन्द्र प्रताप

प्रयागराज, 11 जून । नवनियुक्त सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) उप्र एलनगंज में राजेन्द्र प्रताप का जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान प्रयागराज (डायट) में डायट प्रवक्ता श्रीमती वर्तिका कुशवाहा के नेतृत्व में छात्राध्यापकों ने बुके और मोमेण्टो देकर स्वागत और अभिनंदन किया। उन्हें नयी जिम्मेदारी के लिए बधाई दी ।

नवनियुक्त सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) राजेन्द्र प्रताप ने सभी छात्राध्यापकों से कहा कि वह भविष्य के अच्छे शिक्षक और कुशल मार्गदर्शक हैं, जो युवाओं को शिक्षित और प्रशिक्षित करके देश के विकास की जिम्मेदारी सौंपेगे। उन्होंने कहा कि बिना अच्छे, कुशल और योग्य शिक्षक के अच्छे परिवार, अच्छे समाज और चतुर्दिक विकसित देश की कल्पना तक नहीं की जा सकती है। अच्छा शिक्षक समाज, राज्य और देश को चलाने वाले भविष्य के युवाओं का निर्माण कर उनको जिम्मेदारी सौंपता है।

पीएनपी के नवनियुक्त सचिव ने कहा कि विभाग बहुत हैं और उससे ज्यादा काम करने वाले अफसर और कर्मचारी हैं, लेकिन समाज के लिए सबसे जरूरी और सबसे उपयोगी शिक्षक हैं जिसका समाज के सभी वर्ग के लोग सम्मान करते हैं। ऐसे में शिक्षकों का कर्तव्य और अधिक बढ़ जाता है कि वह समाज के सभी वर्ग को शिक्षित कर आगे बढ़ाएं।

राजेन्द्र प्रताप ने डायट प्रवक्ता वर्तिका कुशवाहा से छात्राध्यापकों के प्रैक्टिकल सहित अन्य तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर छात्राध्यापकों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डायट के कई प्रवक्ता, बड़ी संख्या में छात्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद थे।